जिला अस्पताल की ओपीडी में पहुंचे मरीज। संवाद
आजमगढ़ । जिला अस्पताल के त्वचा रोग विभाग की ओपीडी में इन दिनों 15 से 18 साल तक के किशोर-किशोरी बाल झड़ने की समस्या से परेशान होकर पहुंच रहे हैं। डॉक्टर इसका कारण बढ़ती नमी, फंगल संक्रमण और डैंड्रफ के साथ-साथ शरीर में पोषक तत्वों की कमी बता रहे हैं। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. पूनम कुमारी ने बताया कि इस समय ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 200 मरीज आ रहे हैं। सिर में एलर्जी, खुजली-फोड़े, बरसात में वातावरण में नमी अधिक होने से स्कैल्प पर फंगस और बैक्टीरिया पनपते हैं।
इस कारण खुजली, डैंड्रफ, बालों की जड़ों में संक्रमण और ज्यादा बाल झड़ने की समस्या देखने को मिल रही है।
लंबे समय तक गीले बाल रखना, बारिश या गंदे पानी में भीगने के बाद बालों की सफाई न करना और साझा कंघी, तौलिया इस्तेमाल करना संक्रमण का खतरा बढ़ा देता है।
उन्होंने बताया कि केवल मौसम ही नहीं, बल्कि बदलती जीवनशैली भी बालों के लिए नुकसानदेह साबित हो रही है।
युवाओं में तनाव, देर रात तक जागना, फास्ट फूड का ज्यादा सेवन और संतुलित आहार की कमी के कारण शरीर में आयरन, प्रोटीन, विटामिन-डी, विटामिन-बी 12 और जिंक जैसे आवश्यक पोषक तत्वों की कमी हो रही है।