आजमगढ़। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक समन्वयक को लेकर स्कूल स्तर से ही बच्चों को विभिन्न गतिविधि से जोड़ने का काम किया जा रहा है। इस बार बच्चों को पौधरोपण अभियान से जोड़ा जाएगा। प्रत्येक स्कूलों में ‘बाल वन’ तथा ‘युवा वन’ बनाने की योजना तैयार की जा रही है। इससे स्कूलों का वातावरण शुद्ध रहेगा।
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक/मिशन डायरेक्टर ईवा शर्मा द्वारा डीएम, मंडलायुक्त, मुख्य विकास अधिकारी और समस्त प्रभागीय वनाधिकारी को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जनपद के शिक्षा जगत से संबंधित स्कूल, विद्यालय एवं उनके परिसर में ‘बाल वन’ तथा ‘युवा वन’ की स्थापना की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि वर्षाकाल 2022 पौधारोपण अंतर्गत समाज के बाल व युवा वर्ग का इस अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कराते हुए जनपद के प्रत्येक शिक्षण संस्थानों में ‘बाल वन’ तथा ‘युवा वन’ की स्थापना की जाए। ताकि पर्यावरण स्वच्छ और सुंदर रहे। सभी लोगों को प्रदूषण से निजात मिलेगी। मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि स्कूलों में बाल वन की स्थापना कराई जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को पर्यावरण से जोड़ना है। ताकि बच्चे पर्यावरण को अच्छे तरीके से जान सके।