आजमगढ़। 1596.76 लाख की लागत से जजेज कंपाउंड सिविल लाइंस में बनने वाले 25 न्यायिक अधिकारी के लिए टाइप-5 के आवासों का शिलान्यास हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश गोविंद माथुर, वरिष्ठ न्यायाधीश पंकज मित्तल, प्रशासनिक न्यायाधीश सूर्य प्रकाश केसरवानी ने शुक्रवार को एनआईसी में वर्चुअल माध्यम से किया।
इस मौके पर मुख्य न्यायाधीश गोविंद माथुर ने कहा कि आवास की अनुपलब्धता के कारण न्यायिक अधिकारियों को न्यायिक कार्य के सुचारु रूप से संपादन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। कार्यदायी संस्था को गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय सीमा के अंदर कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। जनपद न्यायाधीश को कार्य की गुणवत्ता की निगरानी का निर्देश दिया गया। जनपद न्यायाधीश दिनेश चंद्र ने बताया कि 25 न्यायिक अधिकारियों के लिए टाइप-5 आवास के निर्माण की लागत 16 करोड़ है। शासन से 6.38 करोड़ रुपये कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज को जारी कर दिया है। अपर प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय प्रज्ञा सिंह ने धन्यवाद दिया। इस मौके पर लालता प्रसाद द्वितीय प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय, एसपी सुधीर कुमार सिंह, वरिष्ठ अपर जिला जज अल्पना, एसएन त्रिपाठी विशेष न्यायाधीश(एससी/एसटी, सौरभ सक्सेना अपर जिला जज, श्रद्धा त्रिपाठी मुख्य न्यायक मजिस्ट्रेट, रणविजय सिंह अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह, अरुण कुमार श्रीवास्तव अध्यक्ष और अनिल कुमार राय मंत्री दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ उपस्थित रहे।