चकबंदी विभाग द्वारा बुधवार को नेहरू हाल में कार्यशाला का आयोजन किया गया। जनमानस में विभाग की खराब छवि को लेकर चिंता जताई गई। इस मौके पर मुख्य अतिथि मंडलायुक्त एमकेएस सुंदरम ने विभागीय अफसरों से कहा कि वह अपनी कार्यशैली में बदलाव लाएं तो विभाग की छवि सुधर जाएगी।
मंडलायुक्त ने कहा कि विभाग में वादों का निस्तारण और अन्य कार्य काफी विलंब से हो रहे हैं। इसमें सुधार की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने कार्यों को निष्ठापूर्वक करने का संकल्प दिलाया। विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने कहा कि समस्त अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ अपने कार्य निपटाने होंगे। अध्यक्षता कर रहे उप संचालक चकबंदी ऋतु सुहास ने कहा कि आप अपने कार्य और व्यवहार से समाज के प्रशंसनीय बन सकते हैं।
इससे पहले कार्यशाला में वक्ताओं ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से अपनी कार्यशैली में परिवर्तन लाने का आह्वान किया। इस मौके पर अजय श्रीवास्तव, दिग्विजय सिंह, भवानीदीन वर्मा, विनय रंजन, सुधीर राय, शिवशंकर प्रसाद सिहं, आद्या सिंह, अजय उपस्थित थे।