आजमगढ़। जनपद में दिसंबर माह में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में हाट कुक्ड तैयार करने के निर्देश सीडीओ की ओर से सीडीपीओ को दिए गए थे। डीपीओ की शिथिलता के कारण ये संभव नहीं हो पाया। सीडीओ ने सभी सीडीपीओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जनवरी माह में शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
शासन की ओर से हॉट कुक्ड फूड योजना के तहत नवंबर माह में धनराशि जारी की गई थी। योजना के तहत छह वर्ष तक के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर हॉट कुक्ड दिया जाता है। योजना में बैंक खाते का संचालन गांव के प्रधान, सदस्य और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को संयुक्त रूप से करना होता है। धनराशि मिलने के बाद शत प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्रों में हॉट कुक्ड देने के निर्देश डीपीओ और सभी सीडीपीओ को दिए गए थे। इसके बाद भी शत प्रतिशत केंद्रों में वितरण नहीं हो पाया। मुख्य विकास अधिकारी आनंद शुक्ला ने इसे लेकर डीपीओ को सभी सीडीपीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। साथ ही जनवरी माह में शत प्रतिशत केंद्रों पर वितरण कराने का निर्देश दिया है।