बिंद्रा बाजार। गंभीरपुर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक ट्रक को पकड़ा। जिसमें 22 मवेशी बरामद किए गए। वहीं ट्रक चालक, खलासी व पशुतस्कर पुलिस को चकमा देकर कर मौके से भाग निकलने में सफल रहे। बरामद मवेशियों समेत ट्रक को पुलिस थाने ले आई है।
गंभीरपुर थाना पुलिस शुक्रवार की रात क्षेत्र भ्रमण पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्रतिबंधित जानवरों से लदी एक ट्रक रानी की सराय बार्डर को क्रास कर गंभीरपुर थाना क्षेत्र में प्रवेश कर रही है। इस सूचना पर एसओ गंभीरपुर ज्ञानू प्रिया मय दल बल मौके पर पहुंच गई। हाईवे पर पहुंच कर एसओ ने ट्रकों की चेकिंग शुरू कर दिया। इसी दौरान एक 10 टायरा ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस को देख चालक, खलासी व पशु तस्कर मौके पर ट्रक रोक कर फरार हो गए। ट्रक से 15 गोवंश और 7 बैल बरामद हुए। मवेशी समेत ट्रक को पुलिस थाने लेकर चली गई। मुखबिर के अनुसार ट्रक का चालक रितिक उर्फ चंद्रशेखर यादव जिला जौनपुर का रहने वाला है। सभी मवेशियों को थाना परिसर में बांध कर चारा आदि का इंतजाम कराया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।