अमिलो। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव के पास शनिवार की अलसुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
बलिया जनपद के उभांव थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बेल्थरा रोड निवासी अमित कुमार (27) पुत्र अंजनी अपने मित्रों के साथ कार से नीम कराैली धाम दर्शन पूजन के लिए गए थे। वहां से लौटते समय यह लोग लखनऊ में रुक गए। शनिवार की अलसुबह करीब पांच बजे लखनऊ से घर लौट रहे थे।
अभी वह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव के पास पहुंचे ही थे तभी उनकी कार ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार अमित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त मनीष कुमार (27) गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं गंभीर रूप से घायल मनीष का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जबकि राजन व शिवम को हल्की चोटें आई।
मृतक के पिता अंजनी कुमार मुबारकपुर थाने में तहरीर दी है। तहरीर में उन्होंने कहा है कि अमित कुमार, राजन, शिवम व मनीष दोस्त थे। लखनऊ से घर बलिया लौट रहे थे कि इसी बीच हादसा हो गया। इस हादसे की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक कार ट्रक में पीछे से टकराई है। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए भिजवाया है। घटना के समय यह लोग लखनऊ से मऊ की ओर से जा रहे थे। - शैलेंद्र लाल, एसपी सिटी।