मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के नरायनपुर मोड़ के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के सलमपुर बधाई निवासी जोगेश वनवासी अपने परिवार के साथ नरायनपुर में अंशु सिंह के ईंट भट्ठे पर रहकर काम करता है।
उसका भांजा राजकुमार निवासी सलमपुर बधाई शुक्रवार सुबह बाइक से जियापुर पुल की तरफ से नरायनपुर ईंट भट्ठे की ओर आ रहा था। सुबह करीब 9.30 बजे नरायनपुर गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही बिना नंबर की ब्रेजा कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद जुगाड़ गाड़ी के चालक रामविलास और अशोक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहनाजपुर पहुंचाया गया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को पीजीआई चक्रपानपुर के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान राजकुमार की मौत हो गई, जबकि अन्य दोनों घायलों का उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।