लल्लूगंज बाजार स्थित जगदीशपुर-सोहौली की रामलीला मंचन का दृश्य। स्रोत-आयोजक
लल्लूगंज बाजार स्थित जगदीशपुर-सोहौली की रामलीला में शुक्रवार की रात राम वनवास की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। राजा दशरथ और कैकेयी के संवाद तथा भगवान श्रीराम के वन गमन का दृश्य देखकर दर्शक भावुक हो उठे।
नवशक्ति रामलीला समिति के तत्वावधान में आयोजित इस रामलीला में गांव, पुरवा और बाजार सहित तीन स्थानों पर मंचन किया जाता है। दीपावली के बाद बाजार में होने वाली रामलीला देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
मंचन में राजा दशरथ की भूमिका बदरे आलम, कैकेयी की चंद्रबली, राम की सचिन, सीता की शिवा, मंथरा की रामनाथ और सुमंत की भूमिका सिनोद ने निभाई।
कलाकारों ने अपने अभिनय से प्रसंग को जीवंत कर दिया। समिति के संस्थापक बदरे आलम सहित चंद्रभुवन, सुल्हुर, कमलेश, धर्मेंद्र, सचिन और सूरज आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रामलीला धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को भी सहेजे हुए है।