जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहतर बनाने और ओवरलोड की समस्या से राहत देने के लिए सात बिजली उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। बिजली निगम की ओर से 7.90 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिल गई है।
क्षमता वृद्धि का काम पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों के 60 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। इससे गर्मी के दिनों में लो वोल्टेज, ट्रिपिंग और बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याओं में कमी आएगी।
अधीक्षण अभियंता गौरव तिवारी ने बताया कि नए बिजली कनेक्शन बढ़ने के साथ बिजली की मांग भी बढ़ रही है। उपभोक्ताओं की बढ़ती संख्या के कारण उपकेंद्रों पर निर्धारित क्षमता से अधिक भार पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं की समस्या को देखते हुए निगम ने सठियांव वितरण खंड में चार, फूलपुर में दो और कप्तानगंज वितरण खंड में एक उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने के लिए 7.90 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा था। इसे शासन से मंजूरी मिल गई है।
उन्होंने बताया कि क्षमता वृद्धि के साथ बिजली आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए कई अन्य कार्य भी किए जाएंगे। जिन उपकेंद्रों से 11 केवी के बड़े फीडरों पर अधिक भार है, वहां लोड कम करने के लिए नए 11 केवी फीडर भी बनाए जाएंगे।
00 वर्जन
जिले के तीन वितरण खंडों के सात उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाने की मंजूरी मिल गई है। जल्द ही चयनित उपकेंद्रों पर पावर ट्रांसफॉर्मर लगाने का काम शुरू होगा। काम पूरा होने के बाद ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। -गौरव तिवारी, अधीक्षण अभियंता द्वितीय।