फूलपुर अंबारी स्थित अपने आवास पर समर्थकों के साथ बात चीत करते सपा प्रत्याशी रमाकांत यादव।
- फोटो : AZAMGARH
विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को हुए मतदान के बाद मंगलवार को प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ विभिन्न बूथों पर पड़े मतों की समीक्षा की। समर्थकों ने मतदान के संबंध में अपने प्रत्याशियों को जानकारी भी दी।
आजमगढ़ के वर्तमान विधायक और सपा प्रत्याशी दुर्गा प्रसाद यादव के आवास सुबह साढ़े दस बजे समर्थकों से घिरे हुए थे। लुंगी और कुर्ता पहनकर दुर्गा प्रसाद यादव एक कुर्सी पर बैठे हुए थे। उनके चारों तरफ समर्थक कुर्सियों पर बैठे चाय की चुस्की ले रहे थे। उनके द्वारा अपने-अपने बूथ को लेकर चर्चा की जा रही थी। इस दौरान वह अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आए। भाजपा प्रत्याशी अखिलेश मिश्रा गुड्डू दोपहर 12 बजे अपने घर पर समर्थकों से घिरे हुए थे। वह एक कुर्सी पर टीशर्ट पहने और लूंगी लपेटे अपने समर्थकों की बातों को सुन रहे थे। उनका हर समर्थक उन्हें अपने-अपने बूथ की रिपोर्टिंग कर रहा था। अखिलेश मिश्रा भी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे थे।
फूलपुर पवई विधानसभा सीट से सपा के प्रत्याशी रमाकांत यादव के आवास पर अमर उजाला की टीम 2.30 बजे पहुंची। वह भी अपने समर्थकों के साथ बैठे चर्चा करते नजर आए। कुर्ता और पाजामा पहने एक कुर्सी पर रमाकांत यादव बैठे थे और उनके समर्थक चारों तरफ बैठे थे। मतदान के दौरान घटने वाली छोटी घटनाओं की जानकारी दे रहे थे।
मेंहनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी मंजू सरोज भी 2.45 बजे अपने आवास पर समर्थकों से घिरी नजर आई। साड़ी पहनकर वह समर्थकों से मतदान के संबंध में जानकारी हासिल कर रही थी। समर्थक अपने-अपने क्षेत्र में मतदान के दौरान की छोटी-छोटी घटनाओं की जानकारी दे रहे थे। बीच-बीच में वह समर्थकों को 10 मार्च को होने वाली मतगणना के संबंध में भी कुछ बता रही थी।
अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के सहयोगी दल निषाद पार्टी के प्रत्याशी प्रशांत सिंह शाम के समय अतरौलिया के प्रथम देव बहिरादेव बाबा स्थान पर मत्था टेकते नजर आए। उन्होंने बाबा के दरबार में समर्थकों संग मत्था टेककर जीत की प्रार्थना की।