लल्लूगंज-सोहौली बाजार में नवशक्ति रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला में हनुमान जी द्वारा लंका दहन का मंचन किया गया। कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय और आकर्षक प्रस्तुति से रामायण के इस प्रसंग को जीवंत कर दिया। लंका दहन का दृश्य देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे।
विज्ञापन
समिति अध्यक्ष बदरे आलम के नेतृत्व में हुए मंचन में दिखाया गया कि माता सीता की खोज में लंका पहुंचे हनुमान जी को रावण के सैनिकों ने बंदी बना लिया। रावण के आदेश पर उनकी पूंछ में आग लगा दी गई। इसके बाद हनुमान जी ने जलती पूंछ से पूरी लंका नगरी को आग के हवाले कर दिया।
कलाकारों ने आतिशबाजी और विशेष मंच सज्जा के माध्यम से लंका दहन का दृश्य बेहद जीवंत बनाया। प्रस्तुति के दौरान दर्शकों में उत्साह और कौतूहल बना रहा। रामलीला के इस प्रसंग ने अहंकार, अन्याय और अधर्म के विनाश के साथ सत्य और अच्छाई की जीत का संदेश दिया। समिति की ओर से बताया गया कि 19 को लल्लूगंज-सोहौली में मेले का आयोजन होगा। इसे लेकर क्षेत्र में तैयारियां की जा रही हैं।