आजमगढ़। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी व चोरी के प्रयास की घटनाएं हुई। महराजगंज थाना क्षेत्र में जहां घर में घुसे चोर नकदी व जेवरात उड़ाने में सफल रहे तो वहीं गंभीरपुर थाना क्षेत्र में आभूषण की दुकान में सेंध काटने के दौरान एक चोर पकड़ लिया गया। दोनों मामलों में पुलिस को तहरीर दे दी गई है।
महराजगंज संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के उसरकुढ़वा गांव में बृहस्पतिवार की रात मुंशी पुत्र पलटू के घर में चोर घुस गए। चोरों ने घर में रखा एक जोड़ी झुमका, मंगलसूत्र के साथ ही छह हजार नकद उड़ा दिए। सुबह होने पर पीड़ित को घटना की जानकारी हुई। उसने महराजगंज थाने पर तहरीर दी है। बिंद्रा बाजार संवाददाता के अनुसार गंभीरपुर बाजार में स्थित प्रमोद सोनी के आभूषण की दुकान के पीछे बृहस्पतिवार की रात चोर सेंध काट रहे थे। रात लगभग एक बजे कुछ ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई। इसके बाद ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू किया तो सेंध काट रहे चोर भागने लगे। ग्रामीणों ने इस दौरान एक चोर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रीतून चौहान पुत्र सोभनाथ निवासी मिर्जापुर दयालपुर थाना गंभीरपुर बताया। दुकानदार ने घटना के बाबत थाने पर तहरीर दी है।