रानी की सराय क्षेत्र में एक परिषदीय विद्यालय में शिक्षिका से पूछताछ करते बीएसए अंब्रीष
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। बीएसए अम्बरीश कुमार ने मंगलवार को रानी की सराय क्षेत्र के तीन परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई अनियमितताएं मिलीं। कहीं विद्यालय बंद मिले तो कहीं शिक्षक अनुपस्थित मिले। बीएसए ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अन्य शिक्षकों के अनुपस्थित मिलने पर उनके और प्रधानाध्यापकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी किए।
बीएसए सुबह 9.45 बजे इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। विद्यालय बंद था। वहां कई ग्रामीण थे। उन्होंने बताया कि विद्यालय अधिकांशत: बंद ही रहता है। यदि खुलता भी है तो शिक्षक 11 बजे के बाद ही आते हैं। परिसर में बड़ी-बड़ी घास उगी थी। परिसर काफी गंदा था। अतिरिक्त कक्षा में दरवाजा नहीं लगा था। किचेन शेड में थी। बीएसए ने प्रधानाध्यापक दिल अफरोज को कारण बताओ नोटिस और प्रधानाध्यापक सहित अन्य शिक्षकों को अनुपस्थित तिथि का वेतन कटौती के निर्देश जारी किए। इसके बाद वह प्राथमिक विद्यालय टेकमलपुर पहुंचे। यहां प्रधानाध्यापक लाल यादव उपस्थित थे। सहायक अध्यापक मनीषा 9.56 बजे पहुंची। बीएसए ने अनुपस्थित सहायक अध्यापक रीता के बारे में पूछा तो प्रधानाध्यापक ने बताया कि वह अक्टूबर 2019 से अवैतनिक अवकाश पर चल रही हैं। जबकि विद्यालय पर मात्र इनके द्वारा अवैतनिक अवकाश के लिए दिया गया प्रत्यावेदन उपलब्ध था। यानी रीता बिना अवकाश स्वीकृत कराए लगभग एक साल से अवकाश पर चल रही हैं। इसके अलावा सहायक अध्यापिका मधुलता पांडेय बिना किसी प्रार्थना पत्र के अनुपस्थित पाई गईं। विद्यालय परिसर में मोरंग बालू रखा था। बीएसए ने प्रधानाध्यापक लाल यादव व सहायक अध्यापक रीता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके अतिरिक्त सहायक अध्यापक मधुलता पांडेय के अनुपस्थित तिथि का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद वह 1.15 बजे प्राथमिक विद्यालय बघौरा इनामपुर पहुंचे। जहां प्रधानाध्यापक सुमन विश्वकर्मा सहित दो सहायक अध्यापक व एक शिक्षामित्र कार्यरत हैं। सहायक अध्यापक सरिता यादव आकस्मिक अवकाश पर थीं। विद्यालय काफी बदहाल स्थिति में था। परिसर में गंदगी, फर्श भी टूटे पड़े थे। कंपोजिट ग्रांट से केवल एक आलमारी क्रय की गई है। रंगाई-पुताई कराई गई है जिसका बिल वाउचर भी प्रधानाध्यापक नहीं दिखा सके। बीएसए ने सुमन विश्वकर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी की है।