आजमगढ़। जिले में पिछले 48 घंटे से बिजली की समस्याएं चरमरा गई है। घर से लेकर सरकारी कार्यालयों तक के काम प्रभावित हो गए हैं। एआरटीओ कार्यालय में मात्र एक ही कंप्यूटर चल रहा था जिससे ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का कार्य किया जा रहा था। ऐसे में अन्य कार्यों से आए लोग परेशान दिखाई पड़े। दूर-दराज से आए लोगों को विवश होकर बैरंग वापस लौटना पड़ा।
एआरटीओ संतोष सिंह ने बताया कि पिछले 48 घंटे से बिजली गुल है। इसके कारण इनवर्टर भी डिसचार्ज हो गया है। किराए पर एक जनरेटर चलाया गया लेकिन वह कंप्यूटर का लोड नहीं ले सका। इसी कारण से पूरे कार्यालय में मात्र ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वाला काउंटर ही खोला गया। जिससे लोग अपने नंबर पर ड्राइविंग लाइसेंस बनवा सकें। उन्होंने बताया कि अन्य कार्य पूरी तरह से प्रभावित हो गए हैं। काफी प्रयास किया जा रहा है। यदि ऐसा ही रहा तो किराए पर बड़ा जनरेटर लाकर आज से काम कराया जाएगा।