अतलस पोखरा से बंधा बाईपास जाने के मार्ग पर छतिग्रस्त नाला।-प्लान खबर की फोटो
- फोटो : AZAMGARH
शहर में जलनिकासी के लिए अतलस पोखरा-बाईपास बंधा मार्ग बने नाले की दीवार टूट गई है। इसकी वजह से अब सड़क भी जगह-जगह से धंस कर टूटने लगी है। इससे कहीं-कहीं सड़क संकरी हो गई है। इस मार्ग से कई स्कूलों के वाहन गुजरते हैं। आम लोगों का भी आवागमन बना रहता है। अक्सर कोई न कोई इस नाले में गिर कर घायल होता है। ऐसे में बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोग इसकी शिकायत कर चुके हैं लेकिन नगर पालिका की ओर से नाले की मरम्मत नहीं कराई गई।
शहर के बदरका, कुंदीगढ़ वार्ड में लोगों के घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए नगर पालिका प्रशासन ने ईदगाह के अतलस पोखरा होते हुए शहर बाईपास बंधा के किनारे बड़ा नाले का निर्माण कराया है। इस बड़े नाले का जो हिस्सा अतलसपोखरा-बाईपास बंधा के बीच का है वह कई वर्षों से क्षतिग्रस्त हुआ पड़ा है। लगभग 100 मीटर लंबे नाले की दोनों तरफ की दीवार जगह-जगह टूट चुकी है। इसके चलते नाले से बहने वाला पानी अब सड़क को जगह-जगह से काटना शुरू कर दिया है। इससे कुछ स्थानों सड़क सिकुड़ गई है। इसके चलते राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस रास्ते से कई प्रतिष्ठित स्कूलों ज्योति निकेतन, प्रतिभा निकेतन, जीडी ग्लोबल आदि के बच्चे पैदल आते जाते हैं। स्कूल की गाड़ियां भी गुजरती हैं। अक्सर ही बच्चे क्षतिग्रस्त नाले में गिर कर चोटिल भी होते रहते हैं। इस मार्ग पर आवागमन अधिक होने और सड़क संकरी होने की वजह से जाम भी लगता है। अगर सावधानी न बरती जाए तो इस मार्ग पर दुर्घटना की आशंका रहती है। नाली की दीवार क्षतिग्रस्त होने से पानी फैला रहता है जिससे गंदगी रहती है। गंदगी में सुअर सूअर पड़े रहते हैं। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है।