जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के जमीन कपाडगढ़ गांव में मंगलवार सुब 11 बजे बूथ के पास हो रहे झड़प की वीडियोग्राफी करने वाले सरकारी कैमरामैन को मनबढ़ों ने पीट दिया।
इस पर दो प्रत्याशियों के समर्थक भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसमें करीब 45 मिनट तक मतदान का कार्य प्रभावित रहा। सीडीओ ने मतदान शुरू कराया।
जमीन कपाडगढ़ गांव में प्रधान पद के तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। वोट डालने के लिए बूथ प्राइमरी स्कूल पर बनाया गया है। प्रशासन की तरफ से ग्राम रोजगार सेवक नागेंद्र मौर्य (28) बूथ की गतिविधियों की रिकार्डिंग कर रहा थ।
करीब 11 बजे फर्जी वोटिंग के विरोध में दो प्रत्याशियों के समर्थक बूथ के पास आपस में उलझ गए। दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। नागेंद्र उसकी रिकार्ड करने लगा। वीडियोग्राफी होते देख समर्थकों में कुछ तो भाग गए। लेकिन कुछ ने नागेंद्र पर हमला बोल दिया।
यहां से मामला शांत होने के बाद जब वह लोग बाहर पहुंचे तो दोनों पक्षों के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ से ईंट पत्थर चलने लगे।
इसमें एक पक्ष से बाबूलाल साहना (30), सोनू (28), रामकेश (25) और छोटेलाल (32) तथा दूसरे पक्षसे अवधेश यादव (32), रविंद्र यादव (30), अभिषेक (28), शैलेष (35) और परविंद (31) घायल हो गए।
बूथ पर हुए उपद्रव से भयभीत मतदाता भाग खड़े हुए। मतदान का कार्य ठप हो गया। पुलिस वाले लाठी भांजकर उपद्रवियों को दूर खदेड़ा और 11.30 से रुके हुए मतदान को 45 मिनट बाद 12.15 बजे पुन: शुरू कराया। सीडीओ ने बताया कि दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश पुलिस को दिया गया है।