आजमगढ़। जिले के अधिकारियों के दरबार में उमड़ने वाली फरियादियों की भीड़ को कम करने के लिए अब शासन ने संपूर्ण समाधान दिवस की तर्ज पर ब्लाक दिवस की शुरूआत की है। हर माह के दूसरे और चौथे शनिवार को ब्लाक दिवस आयोजित किए जाएंगे। ताकि गांव और खेत की छोटी-छोटी समस्याओं का निदान अब ब्लाक में ही होगा। मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला को ओवर ऑल प्रभारी नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि जन सामान्य की समस्याओं के त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए संपूर्ण समाधान दिवस की तर्ज पर विकास खंड मुख्यालयों पर ब्लाक दिवस का आयोजन कराया जाएगा। जिसमें विकास खंड में कार्यरत समस्त सहायक विकास अधिकारी, समस्त सचिव ग्राम पंचायत के साथ-साथ खंड शिक्षा अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, सहायक व अवर अभियंता विद्युत, जल निगम, पशु चिकित्साधिकारी, ब्लाक मिशन मैनेजर ग्रामीण आजीविका मिशन, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, सोशल सेक्टर के खंड स्तरीय अधिकारी आदि शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि ब्लाक दिवस के अवसर पर निर्धारित दिवसों में ग्राम विकास विभाग के विकास खंडों के लिए नामित जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी द्वारा अपने आवंटित विकास खंडों में अनिवार्य रूप से भ्रमण कर अपने कुशल मार्गदर्शन में ब्लाक दिवस को सकुशल संपन्न कराए। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि ब्लाक दिवस को सकुशल कराने के लिए प्रत्येक ब्लाक दिवस में ब्लाक पर एक नामित जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी शामिल होंगे। इसके साथ ही अन्य विकास खंडों में खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित किए जाएंगे। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस की तर्ज पर अब ब्लाक दिवस का आयोजन किया जाएगा। ताकि लोगों को तहसील तक का चक्कर न लगाना पड़े। इससे छोटी-छोटी समस्याओं का सामाधान ब्लाकस्तर पर ही हो जाएगा। मुख्यालय पर फरियादियों की भीड़ कम होगी।