आजमगढ़। एक जनपद एक उत्पाद में चयनित और विश्व भर में ख्याति रखने वाली ब्लैक पैटरी और मुबारकपुर की रेशमी साड़ी आजमगढ़ महोत्सव की शोभा बनेगी। प्रदर्शनी के लिए 10 लाख का बजट उपलब्ध कराने के लिए शासन की ओर से आयुक्त ओडीओपी प्रकोष्ठ को पत्र भेजा गया है।
दिसंबर माह में जनपद में महोत्सव की धूम मचने वाली है। तहसील स्तर पर सात-आठ दिसंबर को शुरू होने वाला आजमगढ़ महोत्सव जनपद मुख्यालय पर तीन दिवसीय आयोजन के साथ संपन्न होगा। इसके लिए 16 से 19 दिसंबर की तारीख तय की गई है। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। लोक विधाओं को प्रेरित करने के लिए होने वाले इन महोत्सव में विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसी के तहत जिलाधिकारी परापंरागत हस्तशिल्प, उद्योग, उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए प्रदर्शनी भी लगाने का फैसला लिया। इसमें ओडीओपी के तहत चयनित ब्लैकपाटरी और मुबारकपुर की साड़ी की भी प्रदर्शनी लगाने के लिए शासन को पत्र भेजा गया था। इस पत्र का संज्ञान लेकर शासन के संयुक्त सचिव शैलेंद्र नाथ शुल्क ने ओडीओपी प्रकोष्ठ के आयुक्त को पत्र भेजकर प्रदर्शनी के लिए 10 लाख का बजट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।