आजमगढ़। शहर कोतवाली पुलिस ने अंतर्जनपदीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। चोरी की एक बाइक के साथ पुलिस ने तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
शहर कोतवाली समेत आसपास के क्षेत्रों में आए दिन बाइक चोरी की घटनाएं प्रकाश में आ रही थी। ऐसे में कई टीमें बाइक चोरों की धर पकड़ के लिए लगाई गई थी और दबिश की कवायद भी चल रही थी। इसी बीच शुक्रवार को शहर कोतवाली पुलिस चेकिंग अभियान में लगी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लाइफ लाइन अस्पताल के पास से चोरी हुई बाइक व एक बोलेरो के साथ कुछ बाइक चोर पहलवान तिराहे के पास मौजूद है। इस पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और चोरी की बाइक बरामद करने के साथ ही तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। एक युवक मौके से भाग निकलने में सफल रहा। जिसकी तलाश में टीम जुटी हुई है। पकड़े गए बाइक चोरों में विश्वजीत पुत्र रमेश, जितेंद्र सिंह पुत्र हृदय सिंह निवासीगण जिगरसंडी थाना जहानागंज व शिवांशु उर्फ रितिक सिंह पुत्र अरुण सिंह निवासी मसीरपुर थाना कोतवाली देवगांव शामिल है। इनके पास से चोरी की बाइक के साथ ही एक बोलेरो बरामद हुई है।