आजमगढ़। बरदह थाना के जिवली मोड़ के पास रविवार की सुबह ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं बाइक पर बैठी मृतक की मौसेरी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई । सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा वहीं मृतक के शव को पीएम के लिए भेज दिया।
जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बारीरोड निवासी 18 वर्षीय गणेश विश्वकर्मा पुत्र ओंकार रविवार की सुबह अपनी मौसी को बाइक से उनके घर बरदह थाना क्षेत्र के बैरी गांव छोड़ने आया था। मौसी को छोड़ने के बाद वह अपनी आठ वर्षीया मौसेरी बहन रिया को बाइक पर बैठा कर वापस घर लौट रहा था। अभी वह जिवली मोड़ पर ही पहुंचा था कि ट्रैक्टर-ट्राली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में गणेश व रिया गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके पर ही वाहन छोड़ कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए जौनपुर जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद गणेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं रिया का इलाज चल रहा है। सूचना पर पुलिस ने गणेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक इंटरमीडिएट का छात्र था और तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।