रानी की सराय। रोवां बाजार में रविवार की सुबह टहलने निकले युवक को अनियंत्रित बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। जब तक उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की जाती तब तक मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना करने वाली बाइक को पुलिस ने बरामद कर लिया है।
रोवां गांव निवासी 19 वर्षीय दीपक गुप्ता पुत्र राम प्रसाद गुप्ता रोज की भांति रविवार की सुबह भी टहलने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने अनियंत्रित होकर दीपक को जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि दीपक काफी दूर जा गिरा और गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी होने पर परिजन जब तक मौके पर पहुंचते और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था करते तब तक उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं हादसे के बाद बाइक सवार मय बाइक मौके से फरार हो गया। दीपक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक बीए का छात्र था और तीन भाई व दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक रानी की सराय रमायन सिंह ने बताया कि दुर्घटना करने वाली बाइक को बरामद कर लिया गया है और चालक भी हिरासत में है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।