वहीं, भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष एडवोकेट शेष नाथ राव ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि एक युवक द्वारा बाबा साहेब पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में शोभा प्रसाद थाने गए थे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए मारपीट की और थाने से भगा दिया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद शोभा प्रसाद को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दूसरी ओर, जहानागंज थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि संबंधित व्यक्ति शिकायत लेकर थाने आया था, लेकिन वह अंदर वीडियो बनाने लगा। मना करने पर उसे बाहर जाने के लिए कहा गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई है।
थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में पहले ही कार्रवाई की जा चुकी थी। आदित्य राज की शिकायत पर आदित्य सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझौता करा दिया गया था। ऐसे में बाद में भीम आर्मी पदाधिकारी के आने का कारण स्पष्ट नहीं है। फिलहाल, मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।