आजमगढ़। बीएड छात्र संघर्ष मोर्चा ने शुक्रवार को ट्वीट के जरिए अपनी आवाज बुलंद की। इस दौरान वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की कुलपति निर्मला एस मौर्य के आधिकारिक ईमेल पर मोर्चा ने ईमेल और यूनिवर्सिटी के ऑफिसियल ट्विटर आईडी सहित मुख्यमंत्री, कुलाधिपति, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, उच्च शिक्षा मंत्री दिनेश शर्मा, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, डीएम जौनपुर आदि जिम्मेदार लोगों को टैग कर ट्वीट के जरिए तीन सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।
जिसमें पांच सितंबर तक बीएड (2019-21) के चतुर्थ सेमेस्टर परीक्षा की समय सारणी अविलंब जारी करने, 15 सितंबर तक परीक्षा कराते हुए छात्रों के बीएड डिग्री को सितंबर माह में अनिवार्यत: पूरा करने की प्रमुख मांग उठाई गई। बीएड छात्र संघर्ष मोर्चा के संयोजक राहुल ने बताया कि हम बीएड (2019-21) के छात्रों ने अपने पाठ्यक्रम की समय सीमा दो वर्ष के अंदर पूरा कर लिया है। लेकिन यूनिवर्सिटी द्वारा अभी तक हमारी डिग्री पूरा नहीं किया गया। यूजीसी के निर्देशानुसार 31 अगस्त तक ही हमारी परीक्षा और उसके परिणाम जारी हो जाने चाहिए थे लेकिन उसका पालन नहीं किया गया। परीक्षा अविलंब कराते हुए उसका परिणाम अविलंब जारी करने की मांग की गई।