आजमगढ़। बीते माह यूपी बोर्ड की परीक्षाएं खत्म होने के साथ कॉपियों के मूल्यांकन की प्रक्रिया भी पूरी हो गई। कॉपियों को एकत्रित करके बोर्ड को भेज दिया गया। एक ओर बोर्ड की ओर से रिजल्ट बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई, वहीं साइबर ठग भी छात्रों और अभिभावकों को ठगने की नई-नई तकनीकों के साथ सक्रिय हो गए हैं। ठगों से बचने के लिए बोर्ड की ओर से दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा दे चुके विद्यार्थियों को ठग अपना शिकार बनाने का प्रयास कर रहे हैं। फोन कॉल कर बच्चों से नंबर बढ़ाने के नाम पर रुपये वसूलने का खेल शुरू हो गया है। ऐसे में माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बच्चाें को सावधान रहने की सलाह दी है। बोर्ड की ओर से जारी संदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि अंक बढ़ाने को लेकर किसी भी बच्चे को कोई कॉल नहीं की जा रही है। यदि कोई कॉल आती है तो उसकी शिकायत पुलिस से की जा सकती है। यूपी बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है। रिजल्ट घोषित करने की भी तैयारियां चल रही हैं। ऐसे में कई तरह के ठग भी सक्रिय हो गए हैं। इनमें से कुछ अलग-अलग विद्यार्थियों के मोबाइल पर कॉल कर नंबर बढ़ाने का झांसा दे रहे हैं। बच्चों को अच्छे अंकों का लालच देकर उनसे हजारों रुपये वसूलने के प्रयास शुरू हो गए हैं। यदि आपके यहां ऐसे फोन आए तो किसी तो वह अपने अभिभावकों को जरूर बताएं। साथ ही ऐसे कॉल की शिकायत करें।
विद्यार्थियों से बोर्ड ने सावधान रहने की अपील की है। साथ ही जिले स्तर पर भी बच्चों को जागरूक किया जा रहा है, जिससे कोई ठगी का शिकार न हो सके। इस प्रकार की कोई भी शिकायत सामने नहीं आई है। फिर भी छात्रों और अभिभावकों को जागरूक रहने की आवश्यकता है।- मनोज कुमार, डीआईओएस आजमगढ़।