बीडीसी के हत्यारोपी पुलिस की गिरफ्त में।
- फोटो : अमर उजाला
आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के नेवादा गांव निवासी व बीडीसी की हत्या में शामिल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता पाई है। तीन अभियुक्तों को एक स्थान से और एक को दूसरे स्थान से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी एक अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने बरामद कर लिया है। अभी तीन नामजद आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
नेवादा गांव निवासी बीडीसी सुरेंद्र यादव की सोमवार की रात गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। बीडीसी की हत्या के बाद नेवादा गांव के ग्रामीण आक्रोशित हो उठे थे और मौके पर मौजूद हत्यारोपियों की तीन बाइक को आग के हवाले कर दिया था। इतना ही नहीं हत्यारोपियों के घर पर पहुंच कर ग्रामीणों व परिजनों ने पथराव व तोड़फोड़ भी किया था।
मृत बीडीसी सुरेंद्र यादव के भांजे शिवम यादव ने आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें एक आरोपी संजय सिंह को पुलिस ने मंगलवार की सुबह ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार की देर शाम तीन अन्य अभियुक्त मनोज सिंह, आजाद उर्फ सोलू सिंह और अमरजीत सिंह को कुजियारी काली मां के चौरा के पास से गिरफ्तार किया।
वहीं एक अन्य अभियुक्त राहुल सिंह को पुलिस ने बुधवार की सुबह रानीपुर तिराहे के पास से पकड़ा। राहुल सिंह ने ही पिस्टल से फायर कर बीडीसी की हत्या की थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी मूलराजपुर रोड के पास धान के खेत से बरामद कर लिया।
एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मनोज सिंह पर विभिन्न थानों में 12 मुकदमे दर्ज है। वहीं अमरजीत पर तीन, राहुल व सोलू पर दो-दो मुकदमे दर्ज हैं।