आजमगढ़। जिले में बुधवार से ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन का कार्य होना है। इसमें जिला पंचायत सदस्य पद का नामांकन जिला मुख्यालय और शेष पदों के लिए विकास खंड मुख्यालयों पर नामांकन संपन्न होगा। नामांकन को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला मुख्यालय से लेकर विकास खंड तक बैरीकेडिंग का कार्य मंगलवार को पूरा कर लिया गया।
जनपद में पंचायत चुनाव के लिए मतदान का कार्य 19 अप्रैल को होना है। मतदान से पहले नामांकन के लिए आयोग द्वारा सात और आठ अप्रैल को नामांकन की तिथि मुकर्रर की गई है। जनपद में 1858 ग्राम प्रधान, 22820 ग्राम पंचायत सदस्य, 2104 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 84 जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव संपन्न होगा।
अब तक 34392 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है। यानि दो दिन में इतनी संख्या में लोगों को नामांकन करना है। जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट भवन में स्थित विभिन्न न्यायालयों में होंगे। जबकि ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के नामांकन का कार्य विकास खंड मुख्यालयों पर संपन्न कराया जाएगा। नामांकन को सकुशल संपन्न कराने के लिए बैरिकेडिंग आदि का कार्य पूरा कर लिया गया। विकास खंडों में नामांकन के लिए न्याय पंचायतवार काउंटर बनाए गए हैं। वहीं जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाले सभी मार्गों को पूरी तरह से बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया है। इस बैरिकेडिंग के आगे सिर्फ नामांकन दाखिल करने आने वाले लोगों और उनके प्रस्तावकों को आने दिया जाएगा।
नामांकन की कराई जाएगी की वीडीयोग्राफी
आजमगढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी राजेश कुमार ने सभी आर ओ और एआरओ को पहले ही मीटिंग कर यह निर्देश दिया है कि नामांकन की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। इस वीडियो क्लिप को सुरक्षित रखा जाएगा। ताकि जरूरत पड़ने पर निर्वाचन आयोग अगर इसे देखना चाहे तो देख सकता है।