बरदह। थाना क्षेत्र के गोठावं गांव के जोलहाना पुरवा में बिना अनुमति मस्जिद व मदरसा निर्माण को लेकर मंगलवार को विवाद की स्थिति बन गई। प्रशासन की सक्रियता से समय रहते निर्माण को रोक दिया गया।
कानूनगो, राजस्वकर्मी और पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनते हुए स्पष्ट किया कि बिना उच्चाधिकारियों की अनुमति के कोई भी निर्माण नहीं किया जा सकता।
गांव के सुनील सिंह, विनोद सिंह समेत कई ग्रामीणों ने सोमवार को मार्टीनगंज तहसील में शिकायती प्रार्थना पत्र देते हुए आरोप लगाया कि गांव के जोलहाना पुरवा में कुछ लोग बगैर प्रशासनिक अनुमति के 6 बिस्वा जमीन पर मस्जिद व मदरसा का निर्माण कार्य करा रहे हैं, जबकि ग्रामसभा में पहले से ही मस्जिद मौजूद है। मंगलवार को मौके पर कानूनगो सतेंद्र सिंह, राजस्वकर्मी कृष्णकांत यादव, बरदह थाने के दरोगा उमाशंकर सिंह, रितेश खरवार समेत कई पुलिसकर्मी पहुंचे।
जांच में निर्माण स्थल पर पिलर खड़े किए जा रहे थे और बाउंड्रीवाल बनाई जा चुकी थी।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि जब तक उच्चाधिकारियों से अनुमति प्राप्त नहीं होती, तब तक कोई भी निर्माण नहीं होगा। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए थे। एक पक्ष ने निर्माण को लेकर विरोध जताया, वहीं दूसरा पक्ष अपनी बात पर अड़ा रहा।
एसडीएम मार्टीनगंज राजकुमार बैठा ने बताया कि राजस्व विभाग को जांच सौंपी गई है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।