आजमगढ़ जिला महिला चिकित्सालय से तीन जून की रात लगभग ढ़ाई बजे प्रथम मंजिल के वार्ड से प्रसूता के साथ सोई नवजात बच्ची की चोरी के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के साथ नवजात को भी बरामद किया है। अस्पताल से बच्ची को चोरी करने का आरोपी अभी पकड़ से दूर है।
बरामद नवजात को सीएमएस डॉ. विनय सिंह यादव ने उसके परिजनों को सौंपा। पुलिस द्वारा गिरफ्तार महिला ने अपना नाम सरोज (28) पुत्री हंसराज निवासी ग्राम मतानपुर थाना कंधरापुर बताया। पुलिस से पूछताछ में महिला ने बताया कि वह कंधरापुर थाना के बरईपुर निवासी सूरज कुमार उर्फ पप्पू के साथ रिलेशन में है। सूरज को कबड्डी कोच की एनआईएस में पढ़ाई के लिए तीन लाख की आवश्यकता थी। इसीलिए तीन जून की रात में अस्पताल से बच्चा चोरी किया गया था। बच्ची को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश की जा रही थी, लेकिन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि बच्ची की बरामदगी और घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने करीब 200 सीसी टीवी कैमरा की जांच की। अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस की दो टीमें भी लगाई गई थीं। सीएमएस डॉ. विनय सिंह चौहान ने बताया कि आगे से अस्पताल परिसर में रात में आने जाने वाले सभी लोगों की जांच पड़ताल की जाएगी। इसके बाद ही उन्हें अस्पातल में प्रवेश मिल पाएगा।