Azamgarh News: आजमगढ़ जिले की पुलिस ने महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। जबकि उसका आरोपी बेटा मौके से भाग निकला। महिला तस्कर के पास से 153 पुड़िया हेरोइन और 1.35 लाख नकदी बरामद किया गया है।
आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाने की पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार की रात पवईलाडपुर गांव से एक महिला को गिरफ्तार किया। उसके पास से 153 पुड़िया (7.65 ग्राम) हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही उसके पास से 1,35,820 रुपये नकद बरामद किया गया।
विज्ञापन
ये है पूरा मामला
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर छापा मारने गई टीम को देखते ही एक व्यक्ति दीवार फांदकर भाग निकला, जबकि महिला प्रमिला यादव को मौके से दबोच लिया गया। इसके बाद थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में महिला आरोपी ने बताया कि उसका बेटा हेरोइन लाकर देता था और वह उसे छोटे-छोटे पुड़िया (पैकेट) में तैयार कर अपने पास रखती थी। ग्राहक दरवाजे पर आकर पैसा देते थे और वह दरवाजे के पीछे से पुड़िया पकड़ा देती थी।
बरामदगी के आधार पर थाना सरायमीर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। फिलहाल भागे आरोपी बेटे की तलाश जारी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक निहार नंदन कुमार, उपनिरीक्षक उदय बहादुर यादव सहित कई सिपाही शामिल रहे।