आजमगढ़। सिधारी स्थित कैरियर प्वाइंट स्कूल का संचालन बेसमेंट में चल रहा था। आईजीआरएस पर मिली शिकायत के बाद एडीआईओएस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद स्कूल की कक्ष से अध्यापक निकलें इसके बाद स्कूल में ताला बंदी कराई गई। उक्त स्कूल बिना मानक के ही संचालित हो रहा था। इस स्कूल को कक्षा 8वीं तक मान्यता प्राप्त है लेकिन 12वीं तक की कक्षाएं संचालित की जा रही थीं। सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आईजीआरएस पर शिकायत पड़ी थी । उक्त मामले की जांच के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार ने मुझे जांच अधिकारी नामित किया। इसकी जांच करने के लिए वह दो दिन पूर्व गए तो वहां देखा कि कक्षा आठ तक की मान्यता है और नौवीं से 12वीं तक की कक्षाएं संचालित हो रही है।
इस बारे में पूछा गया तो संतोष जनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने बताया कि पुलिस बल के साथ शुक्रवार की दोपहर दोबारा सिधारी स्थित कैरियर प्वाइंट पब्लिक स्कूल व कोचिंग सेंटर में पहुंचे। इस दौरान बेसमेंट में कक्षा नौवीं से 12वीं तक की कक्षाएं संचालित की जा रही थी। सभी बच्चों को बाहर निकाला गया। डीआईओएस ने विद्यालय संचालक से विद्यालय के अभिलेख मांगे तो वह दिखा नहीं सकी। इसके बाद एडीआईओएस ने विद्यालय को सील करने का प्रयास किया तो विद्यालय के शिक्षकों ने इसका विरोध करना शुरु कर दिया। पुलिस टीम ने सभी से बाहर जाने की अपील की। काफी मशक्कत के बाद विद्यालय में पढ़ा रही महिला शिक्षक कक्षाओं से बाहर निकली। इसके बाद एडीआईओएस ने बेसमेंट में संचालित हो रही कक्षा-नौवीं से 12वीं तक की कक्षाओं में ताला बंदी करा दी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि विद्यालय फिर से खुलेगा तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।
इसके पहले भी सील हो चुका एक माध्यमिक स्कूल
आजमगढ़। एडीआईओएस वीरेंद्र प्रताप सिंह और एसडीआई मार्टीनगंज अश्वनी सिंह ने 26 अगस्त को मां कमला देवी इंटर कॉलेज, कोदहरा मार्टीनगंज का निरीक्षण किया था। इस दौरान बिना मान्यता के नौ से 12 तक की कक्षाएं संचालित पाई गईं थी। जबकि विद्यालय को सिर्फ कक्षा एक से आठवीं तक की मान्यता है। इस पर एडीआईओएस ने विद्यालय को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। साथ ही तत्काल प्रभाव से नौवीं से 12वीं तक की कक्षाओं को सील कर दिया गया था।