परिवार से घुला-मिला होने का उठाया फायदा
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे गिरफ्तारी अभियान के तहत बुधवार को दीदारगंज पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने सोंगर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान सफेद कार से जा रहे अशोक कुमार यादव (40) निवासी बनगांव को सुबह 11:51 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वादी के घर आता-जाता था और परिवार के सदस्यों से उसकी अच्छी जान-पहचान थी। उसे घर में रखे सामान की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने छठ पर्व के दौरान घर में घुसकर बक्से का ताला तोड़ा और जेवरात चोरी कर लिए।
सोने-चांदी के सभी आभूषण बरामद
सीओ फूलपुर भूपेश कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इनमें सोने की चेन, अंगूठियां, चूड़ियां, करधनी, माला, मांग टीका, नथिया, कान के फूल और टॉप्स शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की पायल और करधनी भी बरामद हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में धाराएं बढ़ाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।