सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित मंडलीय विद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता में आजमगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में आजमगढ़, मऊ और बलिया के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
विभिन्न आयु वर्गों में आजमगढ़ के शिवम, प्रियांशु, सौरमी और सौम्या ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। अंडर-14 बालक वर्ग में आजमगढ़ के शिवम कुमार ने प्रथम और सुमित गौड़ ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि मऊ के मोहम्मद यासीन तृतीय रहे।
अंडर-17 बालक वर्ग में मऊ के अबू सालीम प्रथम, आजमगढ़ के युवराज प्रजापति द्वितीय और मऊ के मोहम्मद सय्याम तृतीय स्थान पर रहे।
अंडर-19 बालक वर्ग में आजमगढ़ के प्रियांशु प्रजापति ने प्रथम और पीयूष सोनकर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मऊ के कुर्बान अली तृतीय रहे। अंडर-14 बालिका वर्ग में आजमगढ़ की सौरमी सिंह प्रथम, श्रेया यादव द्वितीय और अंशिका यादव तृतीय रहीं।
अंडर-17 बालिका वर्ग में आजमगढ़ की सौम्या सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बलिया की श्रेया संतोष द्वितीय और आजमगढ़ की संजू यादव तृतीय रहीं। मंडलीय क्रीड़ा सचिव दिनेश कुमार सिंह ने प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन अंपायर अजेंद्र राय, विनोद कुमार सिंह, राष्ट्रीय बैडमिंटन अंपायर सत्येंद्र उपाध्याय, अबरार अहमद खान, अभिषेक कुमार, संदीप वर्मा, नौशाद अली, राकेश कुमार सिंह और भूपेश कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।