सऊदी अरब में आजमगढ़ निवासी क्रेन चालक चंद्रिका यादव उर्फ राजेश यादव (40) की सोते समय अचानक मौत हो गई। शनिवार की सुबह उनका शव गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव स्थित पैतृक आवास पहुंचा। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
सिंघड़ा गांव निवासी चंद्रिका यादव उर्फ राजेश यादव सऊदी अरब के रियाद में क्रेन चलाने का काम करते थे। परिजनों ने बताया कि 12 सितंबर की शाम वह ड्यूटी से लौटे थे। खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चले गए। सोते समय ही अचानक उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग शव को भारत लाने की कागजी कार्रवाई में जुट गए। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को हवाई मार्ग से दिल्ली लाया गया। इसके बाद एक वाहन से शनिवार की सुबह शव सिंघड़ा स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचा।
शव घर पहुंचते ही पत्नी रेनू यादव, मां लालती यादव और बच्चों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। चंद्रिका यादव अपने दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में दो पुत्र सक्षम और किशन तथा दो पुत्रियां सेजल और साक्षी हैं, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है।