ठेकमा/लालगंज। बरदह थाना व देवगांव कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की रात बोलेरो सवार बदमाशों का आतंक छाया रहा। आठ से दस बदमाशों ने पूरी रात शराब ठेके के साथ ही मिठाई की दुकानों के शटर तोड़कर लूटपाट की। विरोध करने वाले सेल्समैन व दुकानदारों के साथ बदमाशों ने मारा पीटा।
बरदह थाना क्षेत्र में बोलेरो सवार बदमाशों का सर्वाधिक आतंक दिखा। बदमाशों ने रात डेढ़ बजे सबसे पहले भीरा भागमलपुर गांव स्थित वंदना राय पत्नी शैलेंद्र राय के शराब के दुकान का शटर तोड़ा तो अंदर सेल्समैन क्षत्रपाल के भतीजे सुरेंद्र व सूरज मौजूद थे। बदमाशों ने इन्हें तमंचा सटा दिया और गल्ले में रखे 40 हजार नकद के साथ ही 15 हजार की शराब उठा ले गये। इसके बाद बदमाशों ने बरदह कस्बा में कोल्डड्रिंक एजेंसी संचालक मुन्ना मोदनवाल के दुकान को निशाना बनाया। शटर का ताला तोड़ कर घुसे और मुन्ना को तमंचा सटा दिया। इसके साथ ही गल्ले से 34 हजार नकद, एक चेन व एक मोबाइल उठा ले गये। इस दौरान बदमाशों ने मुन्ना व उसकी पत्नी आशा से मारपीट भी की। बदमाश इसके बाद बरौना गांव स्थित मंगला सिंह के देशी शराब की दुकान पर पहुंचे और शटर तोड़ कर 12600 नकदी के साथ ही शराब की कुछ शीशी उठा ले गये। वहीं राजदेव पुत्र जोखई की मिठाई की दुकान से1700 रुपये नकदी उड़ाई। आगे बदमाशों ने ज्यूली बाजार स्थित सुबास सिंह के देशी शराब की दुकान पर धावा बोला और सेल्समैन को तमंचा सटा कर गल्ले से 34400 रुपये व शराब की शीशी उठा ले गये। इतने पर भी बदमाश नहीं रुके और देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर धावा बोला। यहां सेल्समैन संतोष व सुरेंद्र दुकान बंद कर अंदर ही सो रहे थे। बदमाशों ने दुकान का शटर तोड़ कर घुसे और सेल्समैन को तमंचा सटा दिया। इसके बाद गल्ले से 65 हजार नकद व लगभग 16 हजार की शराब गाड़ी पर लाद कर उठा ले गये। पूरी रात बरदह व देवगांव कोतवाली क्षेत्र में चार पहिया सवार बदमाशों का आतंक छाया रहा। सुबह होने पर पुलिस ने छानबीन की कवायद शुरू किया।