आजमगढ़। ग्राम पंचायतों में निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालयों की गुणवत्ता की जांच के लिए सरकार सरकार थर्ड पार्टी आडिट करा रही है। निर्माण में मानकों की अनदेखी की शिकायतों के बाद टीम निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालयों की गुणवत्ता की जांच कर रही है।
जनपद में 1859 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराने का लक्ष्य दिया गया था। अब तक 1106 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण पूरा हो चुका है। अभी तक 686 सामुदायिक शौचालय निर्माणाधीन हैं। वहीं 65 सामुदायिक शौचालयों के लिए अब तक जमीन उपलब्ध नहीं हो सकी है। निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालयों के फरवरी में पूरे होने की बात कही जा रही है। पूर्व निर्मित कई शौचालयों में अनियमितता उजागर हो चुकी है। यहां तक कि कई शौचालयों में प्रयुक्त की गई धनराशि की वसूली का आदेश भी निर्गत किया जा चुका है। इसे देखते हुए शासन स्तर से अब इनका थर्ड पार्टी आडिट कराने का निर्देश दिया गया है। इसके तहत जनपद में थर्ड पार्टी आडिट का कार्य शुरू भी हो चुका है। अब आडिट टीम गांव-गांव घूम कर निर्मित हो रहे शौचालयों की गुणवत्ता की जांच कर रही है। टीम यह भी देख रही है कि कहीं निर्माण में मोरंग की जगह सफेद बालू या डस्ट का प्रयोग तो नहीं हो रहा है। पीली ईंट के साथ ही कहीं घटिया मैटेरियल का निर्माण तो नहीं हो रहा है। ठेका देने में जो प्रक्रिया अपनाई गई है वह सही है या नहीं।
0
गांवों सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। अक्सर निर्माण में मानकों की अनदेखी की शिकायत आती है। कुछ जगहों पर कार्रवाई भी हो चुकी है। ऐसे में सरकार के निर्देश पर थर्ड पार्टी आडिट का कार्य चल रहा है। आडिट के बाद रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।-आनंद कुमार शुक्ला, सीडीओ।