कंधरापुर थाना क्षेत्र के पश्चिम का पूरा गांव में सिरफिरे आशिक की गोली से घायल हुई छात्रा की मौत के बाद शनिवार की सुबह गांव के लोग कंधरापुर बाजार में बीच सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिए। वह हत्यारोपी की गिरफ्तारी और छात्रा की मां को शिक्षा विभाग में नौकरी दिलाने की मांग पर अड़ गए। आजमगढ़-फैजाबाद मार्ग होने की सूचना पर एसडीएम सदर पांच थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। आश्वासन मिलने पर पौने चार घंटे बाद जाम समाप्त किया गया।
पश्चिम का पूरा गांव निवासी इंटरमीडिएट की छात्रा से उसके ही गांव का युवक राकेश यादव पुत्र अतवारु एकतरफा प्रेम करता था। 29 जुलाई की सुबह छात्रा कालेज जा रही थी। गांव के बाहर सुनसान स्थान पर राकेश ने पीछे से उसके गर्दन पर हमला कर सामने से गोली मार दी। सीने में गोली लगने से घायल छात्रा की इलाज के दौरान शुक्रवार की भोर में वाराणसी में मौत हो गई। छात्रा के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उसकी एक बहन और और दो छोटे भाइयों की जिम्मेदारी उसकी मां पर है, जो गांव के प्राइमरी स्कूल में रसोइया है। छात्रा की नृशंस हत्या से गांववाले गुस्से में हैं। शुक्रवार की देर रात छात्रा का शव वाराणसी से घर पहुंचने पर शनिवार की सुबह महिला और पुरुष शव लेकर कंधरापुर बाजार पहुंचे और आजमगढ़-फैजाबाद मुख्य मार्ग जामकर हत्यारोपी राकेश की गिरफ्तारी, छात्रा की मां को शिक्षा विभाग में नौकरी और आर्थिक सहायता की मांग कर रहे थे। जाम लगने की सूचना पर एसडीएम सदर मौके पर पहुंचे। आश्वासन देकर सुबह सात बजे से लगा जाम पौने चार घंटे बाद समाप्त कराया। एसडीएम डा. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि नियम के तहत मिलने वाली प्रत्येक सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलवाया जाएगा।