आजमगढ़। ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए सभी माध्यमिक स्कूलों को खोलने से पूर्व रोज सेनेटाइज करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विद्यार्थियों को बुलाने के लिए अभिभावकों से सहमति लेने को कहा गया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक और जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र लिखा है कि स्कूलों को रोजाना सैनिटाइज कराया जाए और अभिभावकों से अनापत्ति प्रमाणपत्र ले लिया जाए। विद्यालयों में हैंडवॉश, सैनिटाइजर, थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। विद्यार्थियों को पंक्तिबद्ध करके विद्यालय में प्रवेश दिया जाए। शारीरिक दूरी का पालन किया जाए। स्कूली वाहनों को दिन में कम से कम दो बार सैनिटाइज किया जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ वीके शर्मा ने बताया कि सभी विद्यालयों के प्रबंधकों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।