प्रधानमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत पात्रों को लाभ दिलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा। जो 31 दिसंबर तक चलेगा। यह जानकारी सीएमओ डा. आईएन तिवारी ने दी।
सीएमओ ने बताया कि जिले में 105783 अंत्योदय कार्ड धारक है। इन परिवारों का आयुष्मान कार्ड की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा। ताकि समय रहते वो आयुष्मान कार्ड बनवा लें। इस कार्ड के धारक पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज का लाभ ले सकते हैं। आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी डा. वाई के राय ने बताया कि जिले में 10 दिसंबर से शुरू होकर 31 दिसंबर तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा अंत्योदय कार्ड धारकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें जनपद के 406235 अंत्योदय कार्ड धारकों के सापेक्ष 59786 से ज्यादा लाभार्थियों का योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना के जिला सूचना प्रणाली प्रबंधक अजय प्रताप सिंह ने बताया कि यह अभियान जिले के सभी 22 ब्लॉक में चलाया जा रहा है, जिसके तहत चिकित्सा अधीक्षकों की देखरेख में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सहयोग से सभी अंत्योदय लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहे हैं। इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सहयोग से राशन की दुकानों पर ही जन सेवा केंद्र (सीएससी) के प्रतिनिधि या आयुष्मान मित्र कार्ड बनाने के लिए सहयोग कर रहे हैं लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए कोई शुल्क नहीं देना है। पूर्व में आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए 30 रुपये प्रति कार्ड का भुगतान लाभार्थी द्वारा किया जाता था। जनपद में 141749 लाभार्थियों के सापेक्ष अब तक 224560 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इसके साथ ही जिले में अब तक 9931 से ज्यादा लाभार्थी योजना के तहत निशुल्क इलाज का लाभ उठाया है। लेकिन आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए अंत्योदय कार्ड, आधार कार्ड के साथ प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री द्वारा भेजा गया पत्र साथ में लाना जरूरी है। इसके बिना आयुष्मान कार्ड नहीं बन सकता हैं।