आजमगढ़ जनपद में कोरोना संक्रमण का ग्राफ नीचे आने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। शुक्रवार रात को कोलकाता से आया निजामाबाद तहसील के पास स्थित मुइया मखदूमपुर निवासी एक प्रवासी कोरोना संक्रमित मिला है। प्राइवेट लैब से हुई जांच में उसमें संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद उसे मेडिकल कालेज में आइसोलेट किया गया है। कुल संक्रमितों की संख्या 263 पहुंच गई है। 72 मरीज अभी भी सक्रिय, सात लोगों की मौत हो चुकी है।
निजामाबाद के मुइया निवासी 51 वर्षीय व्यक्ति कोलकाता में बोरा बनाने वाली फैक्ट्री में काम करते हैं। उनके साथ उनका बेटा भी कोलकाता में रहता है। परिजनों के अनुसार उन्हें 15 दिन पहले पीलिया की शिकायत हुई थी। अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। इस बीच कोविड-19 टेस्ट भी कराया गया। अस्पताल से रेफर करने के बाद पुत्र अपने पिता को लेकर एंबुलेंस से घर के लिए चल पड़ा।
रास्ते में पता चला कि पिता की रिपोर्ट कोविड-19 पॉजिटिव आई है। इसके बाद वो पिता को एंबुलेंस से लेकर सीधे मेडिकल कालेज चला गया। यहां पिता को आइसोलेट करने के साथ ही पुत्र को क्वारंटीन कर दिया गया है। उसका भी सैंपल जांच के लिए भेजा जा रहा है। पिता की हालत गंभीर बनी हुई है। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि जनपद में कुल संक्रमितों की संख्या 263 पहुंच गई है। 72 मरीज अभी भी सक्रिय, सात लोगों की मौत हो चुकी है। नये मरीजों को आइसोलेट कराया जा रहा है।