मेंहनगर। मेंहनगर कस्बे के मुख्य मार्ग मेंहनगर–कम्हरिया रोड पर निलांबर पेट्रोल पंप के सामने मंगलवार दोपहर दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत में वृद्ध की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार चल रहा है।
जानकारी मुताबिक मेंहनगर थाना क्षेत्र के करनेहुवां गांव निवासी विजय बहादुर चौहान (68) मंगलवार दोपहर करीब 12.30 बजे अपने निजी कार्य से बाइक से मेंहनगर बाजार आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दिया। इस हादसे में विजय बहादुर चौहान की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार कुसमुलिया गांव निवासी संजय पासवान (32) और हब्यास पासवान (38) गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। थाना प्रभारी मेंहनगर संजय सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।