आजमगढ़। मेंहनगर थाना पुलिस ने चोरी के दो मामलों के आरोपी राजन गौड़ को शेखूपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरेापी राजन गौड़ देवईत गांव का निवासी है। आरोपी पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के देवईत निवासी संदीप यादव ने पांच मई 2024 को घर से 30,000 नगद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की तहरीर दी थी, जिस पर मुकदमा पंजीकृत हुआ था। इसी तरह मनबोध राम निवासी फिनिहिनी ने 23 अगस्त 2025 को खेत से 2 एचपी की मोटर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इन दोनों मामलों की विवेचना में राजन गौड़ का नाम सामने आया था। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी लालगंज के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक पवन कुमार सिंह मय टीम ने उसे गिरफ्तार किया। राजन गौड़ के खिलाफ अब तक आर्म्स एक्ट, चोरी, मारपीट, धमकी और बीएनएस की गंभीर धाराओं सहित आठ मुकदमे दर्ज हैं।