अमिलिया में नवयुवक मंगल दल की ओर से स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का पूजन-अर्चन करते हुए लोग। स
शारदीय नवरात्र पर रविवार को अमिलिया गांव और मेहनाजपुर बाजार में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। दोनों स्थानों पर गाजे-बाजे और माता के जयकारों के बीच माहौल भक्तिमय हो गया।
लालगंज क्षेत्र के अमिलिया गांव में नवयुवक मंगल दल की ओर से रमेश गुप्ता के आवास के सामने प्रतिमा स्थापित की गई। रमेश गुप्ता और उनकी पत्नी गीता गुप्ता ने आचार्य अंशुमान तिवारी के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन किया।
इसके बाद मुख्य अतिथि सौरभ सिंह खनियरा ने फीता काटकर उद्घाटन किया और माता की आरती उतारी। आयोजक रमेश गुप्ता ने बताया कि नौ दिनों तक सुबह-शाम आरती होगी।
उधर, मेहनाजपुर बाजार में यंग बॉयज दुर्गा पूजा समिति ने शिवाला मंदिर के पास प्रतिमा स्थापित की। इससे पहले समिति के सदस्यों ने पूरे बाजार में भ्रमण किया। इस दौरान रंग-गुलाल उड़ाया गया और आतिशबाजी की गई।
समिति अध्यक्ष राकेश बनर्जी ने बताया कि उनकी समिति 28 वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन कर रही है, जिसमें हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोग मिलकर भाग लेते हैं। इस बार सजावट कोलकाता के कलाकार करेंगे।