एंबुलेंस में जन्मा बच्चा। श्रोत-एंबुलेंस चालक
हरैया क्षेत्र के सुरदाहपार निवासी शालिनी (26) को शनिवार सुबह अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। परिजनों ने तत्काल 102 नंबर पर फोन कर एंबुलेंस की मदद मांगी। एंबुलेंस से अस्पताल ले जाते समय महिला की प्रसव पीड़ा तेज हो गई और रास्ते में ही प्रसव की स्थिति बन गई।
एंबुलेंस में तैनात ईएमटी नित्या राय और पायलट धनंजय ने सूझबूझ का परिचय देते हुए एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। प्रसव के बाद महिला और बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरैया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों की जांच की।
कार्यक्रम प्रबंधक शिवप्रकाश सिंह ने बताया कि 102 एंबुलेंस सेवा आपात परिस्थितियों में लोगों के लिए जीवनरक्षक सेवा के रूप में कार्य कर रही है। मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के साथ ही रास्ते में आकस्मिक चिकित्सा परिस्थितियों में प्रशिक्षित कर्मचारियों द्वारा सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है।