प्रेमिका से शादी की जिद पर एक प्रेमी मोबाइल टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस दौरान तीन घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला। पुलिस ने प्रेमिका को बुलाकर युवक को समझाया, जिसके बाद वह नीचे उतरा।
आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अलीनगर अजमतगढ़ मोहल्ले में शनिवार सुबह प्रेमिका से शादी की जिद को लेकर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और करीब तीन घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
विज्ञापन
पुलिसकर्मियों ने युवक को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह प्रेमिका से शादी कराने की मांग पर अड़ा रहा और नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने युवक की प्रेमिका को मौके पर बुलाया। प्रेमिका के पहुंचने के बाद पुलिस और परिजनों ने युवक को समझाना शुरू किया।
करीब तीन घंटे तक चले प्रयास के बाद सुबह करीब 10:30 बजे युवक टावर से सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस और परिजन युवक को समझाने में जुटे रहे। घटना के दौरान मौके पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।