आजमगढ़। बलिया में हुए पेपर लीक मामले में प्रशासन द्वारा निर्दोष पत्रकारों को फसाने के मामले में जनपद के पत्रकारों के साथ ही सामाजिक संगठनों में भी रोष व्याप्त है। जहां पत्रकारों के संगठन ईजा ने डीएम के जरिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा वहीं उप्र अभिभावक महासंघ द्वारा रैदोपुर स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में बलिया प्रशासन की बुद्घि शुद्घि के लिए यज्ञ किया गया।
उप्र अभिभावक महासंघ के सचिव गोविंद दुबे ने कहा कि प्रशासन ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला किया है। प्रशासन ने खुद को बचाने के लिए इसमें निर्दोष पत्रकारों को फसाने का काम किया है। आज हमने बलिया प्रशासन की बुद्घि शुद्घि के लिए यज्ञ किया है। हम मां जगदंबा से प्रार्थना करते हैं कि वह बलिया जिला प्रशासन को सद्बुद्घि दे। साथ ही शासन से मांग करते हैं निर्दोष पत्रकारों को तत्काल जेल से बाहर किया जाए। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष युधिष्ठिर दुबे, भानु प्रताप सिंह, अजय राय, आलोक पाठक, अरुण चौरसिया,मोहम्मद अफजल, अमित त्रिपाठी, सुजीत मिश्रा, गोल्डी सिंह आदि उपस्थित थे।
वहीं दूसरी और आईडियल जर्नलिस्ट एसोसिएशन की जनपद इकाई द्वारा फर्जी ढ़ंग से फंसाए गये तीन पत्रकारों को लेकर सीएम योगीआदित्य नाथ को संबोधित मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी को सौंपा गया। जिसमें मांग की गई कि पत्रकारों को फर्जी ढंग से फंसाए जाने की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इस मौके पर पर विवेकानंद पांडेय जिलाध्यक्ष, पृथ्वीराज सिंह, संजय कुमार पांडेय, जय प्रकाश, दीपक सिंह, विशाल सिंह, श्याम, मनोज, मुकेश सिंह, दुर्गा सिंह आदि उपस्थित थे।