गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन में विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए सपा प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी से मिलकर विरोध दर्ज कराया। नेताओं ने जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी नोटिसों को चुनाव की निष्पक्षता के विरुद्ध बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में सपा जिलाध्यक्ष हवलदासर यादव ने आरोप लगाया कि विद्यालयों के कागजात और सत्यापन के नाम पर नोटिस जारी कर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 23 को मतदान और अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद 19 अक्तूबर को नोटिस जारी करना अनुचित है।
प्रतिनिधिमंडल ने नोटिस की प्रति भी जिलाधिकारी को दिखाई। इसके बाद सपा नेता डीआईओएस कार्यालय पहुंचे। वहां अधिकारी के नहीं मिलने पर एसोसिएट जिला विद्यालय निरीक्षक से मिलकर आपत्ति दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि निष्पक्ष चुनाव में बाधा पहुंचने पर पार्टी धरना-प्रदर्शन करेगी। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक डॉ. संग्राम यादव, नफीस अहमद, अखिलेश यादव, बचई सरोज, कमलाकांत राजभर, पूजा सरोज, अजीत कुमार राव, संतोष कुमार गौतम और बीरू यादव सहित अन्य नेता शामिल रहे।