आजमगढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र में में भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड में लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शाखा प्रबंधक अमित तिवारी की तहरीर पर संस्था के सात कर्मचारियों पर बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शाखा प्रबंधक अमित तिवारी ने बताया कि आरोपी कर्मचारी फील्ड कलेक्शन स्टाफ के रूप में कार्यरत थे और अलग-अलग क्षेत्रों में महिला समूहों से साप्ताहिक किस्त एवं अग्रिम भुगतान वसूलते थे, लेकिन उक्त धनराशि बैंक में जमा न कर स्वयं उपयोग में ले ली। आरोपियों में प्रमोद कुमार पाल, ठाकुर कुमार भारती, राजकुमार रमा, संजय यादव, प्रदीप कुमार यादव, चंदन सरोज और आलोक कुमार दुबे शामिल हैं। आरोप है कि इन सभी ने मिलकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की। इनमें ठाकुर कुमार भारती पर सबसे अधिक करीब 10.89 लाख रुपये हड़पने का आरोप है, जबकि अन्य कर्मचारियों द्वारा भी हजारों से लाखों रुपये तक की धनराशि गबन की गई है। शाखा प्रबंधक के अनुसार इस फर्जीवाड़े का खुलासा कंपनी की ऑडिट टीम द्वारा फील्ड वेरिफिकेशन के दौरान किया गया। जांच में स्पष्ट हुआ कि संबंधित कर्मचारी ग्राहकों से पैसा लेने के बाद उसे बैंक में जमा नहीं कर रहे थे। काफी प्रयास के बावजूद आरोपियों ने रकम वापस नहीं की। कोतवाली यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि शाखा प्रबंधक की तहरीर पर बुधवार को सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।