रोज 10 गांवों का करें भ्रमण, दें सूचीं, नहीं तो रुकेगा वेतन
डीएम ने उप निदेशक कृषि को निर्देश दिया कि स्वयं सहित सभी विभागीय अधिकारी प्रतिदिन कम से कम 10 गांवों का भ्रमण करें। जिन अधिकारियों को ग्राम भ्रमण की जिम्मेदारी दी गई थी, उनसे उसी दिन भ्रमण किए गए गांवों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया। सूची न देने पर वेतन रोकने और प्रमुख सचिव को पत्राचार करने की चेतावनी भी दी गई।
उप कृषि निदेशक से स्पष्टीकरण तलब
निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन दौलताबाद में किसानों ने बताया कि कुल 859 किसानों में से 448 की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है, जबकि 348 किसानों के नाम अभी सूची में दर्ज नहीं हैं। किसानों ने यह भी शिकायत की कि वरासत के बाद भी भूलेख पर पुराना डाटा दर्ज है। इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को संबंधित मामलों में स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए तथा उप जिलाधिकारी को आदेश दिया कि लेखपालों से वरासत प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निस्तारण कराया जाए। फार्मर रजिस्ट्री कार्य में शिथिलता एवं प्रभावी पर्यवेक्षण न करने पर जिलाधिकारी ने उप कृषि निदेशक से स्पष्टीकरण तलब किया है।