इस मामले में दो सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है।
- फोटो : freepik
आजमगढ़ के मौलाना आजाद इंटर कॉलेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य हमेशा किसी न किसी वजह से चर्चा का केंद्र में रहते हैं। एक बार फिर उन पर आरोप लगे हैं। इस बार उनके ऊपर आरोप लगा है कि उनके द्वारा विद्यालय में संस्कृत विषय की पढ़ाई बंद कर उर्दू की पढ़ाई कराई जा रही है। इस शिकायत पर डीआईओएस ने जांच का आदेश दिया है और दो सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है।
नव जागृति सेवा संस्थान द्वारा डीआईओएस से मौलाना आजाद इंटर कॉलेज अंजानशहीद के कार्यवाहक प्रधानाचार्य पर नियम विरुद्ध कार्य करने, अवैध वसूली करने और संस्कृत को हटाकर उर्दू विषय पढ़ाने सहित 17 बिंदुओं की शिकायत की गई थी।
यह शिकायत उनके द्वारा नोटरी शपथ पत्र देकर लगाई गई है। कहा गया है कि इस विद्यालय में मुस्लिम समुदाय के साथ ही हिंदुओं के बच्चे भी पढ़ते हैं। कार्यवाहक प्रधानाचार्य द्वारा विद्यालय में संस्कृत विषय की पढ़ाई को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।
उसके स्थान पर छात्रों को उर्दू पढ़ाई जा रही है। इस शिकायत पर डीआईओएस ने राजकीय इंटर कॉलेज जोकहरा के प्रधानाचार्य को जांच कर दो सप्ताह में आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बोले अधिकारी
ऐसी शिकायत हमें मिली है। जांच के लिए हमारी ओर से राजकीय इंटर कॉलेज जोकहरा के प्रधानाचार्य को लगाया गया है। जांच रिपोर्ट आते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। लेकिन, विभाग में कई जांचें पेंडिंग पड़ी हैं। गाड़ियों के अभाव में हम खुद जांच नहीं कर पा रहे हैं। इसके लिए जेडी और अधिकारियों को पत्र लिख रहे हैं, ताकि गाड़ियां मिलें और आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण कर सकें।
- विरेंद्र प्रताप सिंह, डीआईओएस।